भोपाल में भारतीय महिला हॉकी टीम का शानदार आगाज, मलेशिया को 4-1 से हराया

मौजूदा चैंपियन भारत ने गुरुवार को विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के अपने पहले राउंड-रॉबिन मुकाबले में मलेशिया पर 4-1 से प्रभावी जीत दर्ज की। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस मैच में हाफ-टाइम तक दोनों टीमें 1-1 से बराबर थीं, लेकिन दूसरे हाफ में भारत ने तीन पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर पूरे तीन अंक अपने नाम किए।
मुकाबले का पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। दूसरे क्वार्टर के 19वें मिनट में नूरमीरा जुल्किफली ने फील्ड गोल करते हुए मलेशिया को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी। लेकिन भारतीय टीम ने तत्काल पलटवार किया और अगले ही मिनट मुमताज खान के गोल की बदौलत 1-1 से बराबरी हासिल कर ली। मध्यांतर तक दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ।
हाफ-टाइम के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रणनीति अपनाई, जिसका लाभ टीम को तीसरे क्वार्टर में मिला। 35वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के दौरान गोल के सामने बनी स्थिति का फायदा उठाते हुए कप्तान सलीमा टेटे ने गोल दागा और भारत को 2-1 से आगे कर दिया। इसके ठीक चार मिनट बाद 39वें मिनट में भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर डेब्यूटेंट पूजा साहू ने सटीक निशाना साधते हुए टीम का स्कोर 3-1 तक पहुंचा दिया।
अंतिम क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने अपनी पकड़ ढीली नहीं होने दी। 49वें मिनट में लालरेम्सियामी ने पेनाल्टी कॉर्नर के माध्यम से भारत के लिए चौथा गोल किया और मुकाबले को 4-1 के स्कोर पर पहुंचा दिया। मलेशियाई टीम इसके बाद वापसी करने में विफल रही। शानदार पदार्पण करते हुए गोल दागने वाली पूजा साहू को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
भोपाल के लिए यह मुकाबला ऐतिहासिक रहा, क्योंकि शहर ने पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी की। पहले दिन बड़ी संख्या में पहुंचे खेल प्रेमियों ने भारतीय खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। स्टेडियम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
दिन के अन्य परिणामों की बात करें तो चीन ने एकतरफा मुकाबले में थाईलैंड को 7-0 से रौंदा, वहीं जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराया, जिसमें हनामी सैतो ने 59वें मिनट में निर्णायक गोल दागा। 20 नवंबर के विश्राम दिवस के पश्चात, खिताब बचाने के अभियान में जुटी भारतीय टीम 21 नवंबर को अपने दूसरे राउंड-रॉबिन मुकाबले में दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी।



