ग्रे मार्केट प्रीमियम के भ्रम से बचें निवेशक, सेबी ने पंजीकृत संस्थाओं के प्रचार पर भी लगाई रोक

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने आईपीओ बाजार में सक्रिय निवेशकों को ग्रे मार्केट प्रीमियम (जीएमपी) के आधार पर निवेश निर्णय लेने के खतरों से आगाह किया है। नियामक ने साफ शब्दों में कहा है कि जीएमपी का कोई वैधानिक या औपचारिक आधार नहीं है और यह पूरी तरह अनियमित व अप्रमाणित है। सेबी ने निवेशकों को सलाह दी है कि वे जीएमपी को संभावित लिस्टिंग मूल्य या कमाई का संकेत न मानें और ऐसे अनौपचारिक सौदों से खुद को दूर रखें।

नियामक ने अपने बयान में चिंता जताई है कि विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म, वेबसाइट, सोशल मीडिया हैंडल और कुछ बाजार प्रतिभागी आगामी आईपीओ के जीएमपी आंकड़ों को प्रमुखता से साझा कर रहे हैं। इन आंकड़ों को संभावित मुनाफे के पैमाने के रूप में पेश किया जाता है, जिससे निवेशकों के गुमराह होने की आशंका बनी रहती है। सेबी के मुताबिक, इस तरह का चलन पूंजी बाजार की पारदर्शिता और जवाबदेही की व्यवस्था को कमजोर करता है।

सेबी ने स्पष्ट किया कि ग्रे मार्केट के तमाम लेन-देन मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंजों की प्रणाली से बाहर होते हैं। चूंकि इन पर नियामकीय नियंत्रण नहीं होता, इसलिए यहां न तो औपचारिक तरीके से कीमत तय होती है और न ही सेटलमेंट की कोई सुरक्षा मिलती है। किसी भी गड़बड़ी या विवाद की स्थिति में निवेशकों को नियामकीय मदद नहीं मिल सकती। ऐसे मामलों में निवेशक स्टॉक एक्सचेंजों के शिकायत निवारण तंत्र या एक्सचेंज व डिपॉजिटरी की ऑनलाइन विवाद निपटान (ओडीआर) व्यवस्था का सहारा भी नहीं ले पाएंगे।

स्थिति पर नियंत्रण के लिए सेबी ने सभी पंजीकृत इंटरमीडियरीज और बाजार सहभागियों को निर्देश जारी किए हैं। उनसे कहा गया है कि वे वेबसाइट, सोशल मीडिया, ईमेल, एसएमएस या किसी अन्य माध्यम से जीएमपी से जुड़ी जानकारी का प्रकाशन या प्रसारण बिल्कुल न करें। नियामक ने जोर देकर कहा कि निवेशकों तक सही, प्रमाणिक और पारदर्शी सूचना पहुंचाना पंजीकृत संस्थाओं की जिम्मेदारी है।

निवेशकों की सुरक्षा के लिए सेबी ने तीन बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा है। सबसे पहले, जीएमपी को लिस्टिंग प्राइस या रिटर्न का भरोसेमंद संकेतक न माना जाए। दूसरे, नियामकीय दायरे से बाहर होने वाले किसी भी जीएमपी लेन-देन में हिस्सा न लिया जाए। तीसरे, आईपीओ निवेश से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं केवल सेबी से पंजीकृत इंटरमीडियरी और अधिकृत माध्यमों के जरिए ही संपन्न की जाएं।

आईपीओ के अलावा सेबी ने व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर सक्रिय ठगों के प्रति भी निवेशकों को सचेत किया है। नियामक के संज्ञान में आया है कि कुछ जालसाज खुद को सेबी-पंजीकृत इंटरमीडियरी बताकर ‘इंस्टीट्यूशनल ट्रेड’, ‘गारंटीड रिटर्न’ और विदेशी बाजारों के नुकसान की भरपाई का झांसा देते हैं। वे निवेशकों को नकली ऐप और अनधिकृत प्लेटफॉर्म पर ले जाकर अपंजीकृत संस्थाओं के बैंक खातों में पैसा जमा कराते हैं। सेबी ने निवेशकों से कहा है कि वे कहीं भी पैसा लगाने से पहले संस्था का रजिस्ट्रेशन स्टेटस सत्यापित करें, बैंक व यूपीआई विवरण की जांच करें, गारंटीड मुनाफे के झांसे में न आएं और अपरिचित निवेश ग्रुप्स से दूरी रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button