लोक निवास में शबद कीर्तन में शामिल हुए पीएम मोदी, युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर दिल्ली स्थित लोक निवास में आयोजित विशेष शबद कीर्तन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने गुरुवाणी का श्रवण किया और गुरु नानक देव को नमन करते हुए सभी देशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने इस पावन अवसर पर आमंत्रित करने के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और संस्कृति के लिए सर्वस्व समर्पित करने की भावना सिख परंपरा की मूल पहचान रही है, जो भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी निरंतर बनी रही। पीएम मोदी के अनुसार, सदियों के विदेशी शासन और इतिहास के सबसे कठिन दौर में भी गुरुओं ने देश की रक्षा की भावना को जीवित रखा। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘विकसित भारत’ सहित अन्य राष्ट्रीय लक्ष्यों को गुरुओं के आदर्शों और शिक्षाओं से मिलने वाली ऊर्जा के माध्यम से ही हासिल किया जा सकता है।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है और जब कोई युवा इसकी चपेट में आता है, तो पूरे परिवार के सपने बिखर जाते हैं। पीएम मोदी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर अपनी शिक्षा पर ध्यान दें, जीवन में प्रगति करें और अपने परिवार व देश का गौरव बढ़ाएं। उन्होंने इस दिशा में परिवारों की भूमिका को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

लोक निवास में आयोजित इस धार्मिक समारोह के दौरान प्रधानमंत्री को सम्मानित भी किया गया। यह पहला अवसर था जब किसी प्रधानमंत्री ने उपराज्यपाल आवास यानी दिल्ली लोक निवास में आयोजित इस तरह के कार्यक्रम में शिरकत की। समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस मौके पर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने संगत की ओर से प्रधानमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि व्यस्त दिनचर्या के बावजूद उनका इस आयोजन में शामिल होना अत्यंत सराहनीय है। संधू ने उल्लेख किया कि उनसे प्राप्त जानकारी के अनुसार इससे पूर्व किसी भी प्रधानमंत्री ने लोक निवास में ऐसे किसी कार्यक्रम में भाग नहीं लिया था, इसलिए उनका यह आगमन दिल्ली के नागरिकों और विशेष रूप से सिख संगत के लिए गौरव का विषय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button