वंदे भारत सहित सभी ट्रेनों में निशुल्क सफर कर सकेंगे ‘चक्र’ श्रृंखला के वीरता पुरस्कार विजेता

राष्ट्र की रक्षा में अदम्य साहस का परिचय देने वाले सशस्त्र बलों के वीरता पुरस्कार विजेता जवानों और अधिकारियों को रेलवे ने बड़ी सौगात दी है। रेल मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय से परामर्श के बाद ‘चक्र’ श्रृंखला के सम्मान प्राप्त सैनिकों को वंदे भारत समेत सभी यात्री ट्रेनों में मुफ्त यात्रा की अनुमति दे दी है। भारतीय सेना ने बुधवार को इस निर्णय के लागू होने की पुष्टि की।

इससे पहले लागू नियमों के अंतर्गत इन बहादुर सैनिकों को निशुल्क यात्रा का लाभ केवल कुछ निर्धारित ट्रेनों में ही मिल पाता था। अब नई व्यवस्था के तहत इस प्रतिबंध को हटाते हुए देश भर की सभी ट्रेनों को इस सुविधा के दायरे में ले लिया गया है। ‘चक्र’ श्रृंखला में परमवीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र जैसे प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान शामिल हैं, जो दुश्मन के विरुद्ध असाधारण वीरता और बलिदान दिखाने पर दिए जाते हैं।

देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र सहित अन्य सभी चक्र विजेता अब आधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत एक्सप्रेस में भी निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। रेल मंत्रालय ने यह भी साफ किया है कि यात्रा सुविधा के इस विस्तार से विजेताओं की पुरानी पात्रता या अन्य यात्रा अधिकारों पर कोई असर नहीं पड़ेगा और वे पहले की तरह ही प्रभावी रहेंगे।

सरकार का यह फैसला उन जांबाज सैनिकों के त्याग, शौर्य और देश के प्रति उनकी समर्पित सेवा को सम्मान देने के उद्देश्य से लिया गया है। इस पहल के माध्यम से रेल मंत्रालय ने देश की सुरक्षा में अपना सब कुछ अर्पित करने वाले जवानों और उनके परिजनों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button