अनिश्चित वैश्विक माहौल में भारत की आर्थिक रफ्तार कायम, निर्यात और जीएसटी संग्रह ने दिया सहारा

वैश्विक स्तर पर जारी आर्थिक अनिश्चितताओं और असमान विकास के बीच भारत की अर्थव्यवस्था ने अपनी मजबूती साबित की है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बुधवार को अपने नवंबर बुलेटिन में यह आकलन पेश करते हुए कहा कि अक्टूबर में घरेलू आर्थिक संकेतक लचीले बने रहे। केंद्रीय बैंक के अनुसार, त्योहारी सीजन की मांग और ऋण की मजबूत उपलब्धता ने आर्थिक गतिविधियों की गति को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।
बुलेटिन के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में भारत का वस्तु निर्यात अपने अब तक के सबसे ऊंचे मासिक स्तर पर पहुंच गया। निर्यात में लगातार सात महीने से हो रही दोहरे अंकों की वृद्धि के चलते व्यापार घाटा पिछले साल अक्टूबर की तुलना में घट गया। दूसरी तिमाही के बेहतर नतीजों के दम पर भारतीय अर्थव्यवस्था ने वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही में मजबूत कॉरपोरेट प्रदर्शन के साथ प्रवेश किया है। इसी तरह, अक्टूबर में जीएसटी संग्रह में भी जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई और जुलाई 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद से यह अब तक का दूसरा सबसे बड़ा मासिक संग्रह रहा।
सरकारी खर्च और महंगाई के मोर्चे पर बुलेटिन ने मिली-जुली तस्वीर पेश की है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में केंद्र सरकार के वित्तीय घाटे के प्रमुख संकेतक बीते साल से अधिक रहे, लेकिन बुनियादी ढांचे पर जोर देते हुए सरकार ने पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) में दोहरे अंकों की वृद्धि बरकरार रखी। हालांकि, महंगाई के मोर्चे पर दबाव बढ़ा है और खाद्य व पेय पदार्थों के महंगा होने से अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर (सीपीआई) 6 प्रतिशत से ऊपर निकल गई। इस दौरान ईंधन और कोर महंगाई में भी मामूली तेजी दर्ज की गई।
मुद्रा प्रवाह और पूंजी बाजार में भी अक्टूबर और नवंबर के दौरान मजबूती लौटती दिखी। अक्टूबर में प्रचलन में मुद्रा और रिजर्व मनी की वृद्धि दर पांच साल के सर्वोच्च स्तर पर रही, जबकि निवेश व उपभोग को गति देते हुए बैंक ऋण वृद्धि भी मजबूत बनी रही। कच्चे तेल की कीमतों में कमी, कंपनियों की अच्छी आय और विदेशी निवेशकों की वापसी से अक्टूबर के अंत से शेयर बाजारों में तेज उछाल आया। बाह्य वाणिज्यिक उधार (ईसीबी) व एनआरआई जमा में मजबूत प्रवाह के साथ-साथ अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड घटने से एफपीआई ऋण निवेश में भी तेजी आई। इसका सीधा असर रुपये पर दिखा, जो अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से संभलने के बाद नवंबर में विदेशी निवेश बढ़ने से और मजबूत हुआ।
अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का जिक्र करते हुए आरबीआई ने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव, ऊंची ऊर्जा लागत और आपूर्ति पक्ष की चुनौतियां वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए अब भी बड़ा खतरा हैं। महंगाई को काबू में रखने के लिए प्रमुख वैश्विक केंद्रीय बैंकों ने पिछले तीन महीनों से सख्त मौद्रिक नीतियां जारी रखी हैं। वहीं, अक्टूबर-नवंबर में एआई निवेश को लेकर बढ़ती चिंताओं, तकनीकी शेयरों के ऊंचे मूल्यांकन के बाद आई गिरावट और ऊंची सरकारी बॉन्ड यील्ड्स से वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव बढ़ा है। पश्चिम एशिया के तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य के समुद्री और तेल यातायात पर दबाव कायम है, पर अक्टूबर के अंत की तुलना में स्थिति में कुछ सुधार नजर आया है।



