आरक्षण पर झूठ बोलकर गुमराह कर रही कांग्रेस : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि राहुल गांधी आरक्षण के नाम पर झूठ बोल रहे हैं और लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा आरक्षण वापस लेने की दिशा में काम कर रही होती तो वह अब तक ऐसा कर चुकी होती। राहुल गांधी ने कहा था कि भाजपा तीसरी बार चुनकर आने पर पिछड़े वर्गों का आरक्षण वापस लेना चाहती है।
एक साक्षात्कार में शाह ने दोहराया कि जब तक भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए सत्ता में है, तब तक अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण या कोटा पर कोई पुनर्विचार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा इस देश की सत्ता पर 10 साल से काबिज है और दो बार पूर्ण बहुमत के साथ चुनी गई है। हम वास्तव में देश में आरक्षण समाप्त करने की मंशा या प्रेरणा से काम कर रहे होते तो अब तक ऐसा हो चुके होते।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कर्नाटक में सत्ता में आने के बाद कांग्रेस ने मुसलमानों के लिए 4 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा की। तेलंगाना में भी मुसलमानों के लिए 5 फीसदी आरक्षण की घोषणा की। कांग्रेस एसटी, एससी और ओबीसी का आरक्षण कम कर उसे मुसलमानों को दे रहे हैं।



