24 से 48 घंटे में आ रहा प्री मानसून

नौतपा में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। उमस व तेज गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। बुधवार को दिन का तापमान 40.8 व रात का तापमान 25.9 डिग्री दर्ज किया गया। एक दिन पहले यह 41.1 व 26.5 डिग्री था। 24 घंटे में दिन के तापमान में 0.3 व रात के तापमान में 0.6 डिग्री की कमी दर्ज हुई। पिछले 12 दिनों से तापमान 40 डिग्री से अधिक बना हुआ है।मौसम विभाग के अनुसार कुछ दिनों में तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट दर्ज हुई है, लेकिन तेज धूप व हीट वेव की संभावना अगले चार से पांच दिन तक रहेगी।
बुधवार सुबह से ही तेज धूप का अहसास होने लगा। दोपहर को तपन बढ़ी व बादलों के कारण उमस होने लगी। दोपहर को आद्रता 22 फीसदी दर्ज हुई। 19 से 29 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। भारत मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक ने बताया, फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के ऊपरी हिस्से में सक्रिय हुआ है।
इसी तरह उत्तरी उत्तरप्रदेश के ऊपर एक प्रति चक्रवाती सिस्टम सक्रिय हुआ है जो मप्र से छत्तीसगढ़, झारखंड से होते हुए वेस्ट बंगाल की तरफ जा रहा है। अगले 24 से 48 घंटे में दक्षिण पश्चिम मानसून के केरल तट पर पहुंचने की भी संभावना है। जिससे एमपी में भी प्री मानसून की गतिविधियां शुरु हो सकती हैं।


