बांदीपोरा में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी ढेर

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में सोमवार को सुरक्षाबलों के साथ जारी मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने सोमवार सुबह बांदीपोरा जिले के अरागाम गांव को घेर लिया। उन्होंने कहा, सुरक्षाबलों ने छिपे हुए आतंकवादियों को घेर लिया, जिसके बाद उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। मुठभेड़ में अब तक एक आतंकवादी मारा गया है। मारे गए आतंकवादी की पहचान की जा रही है। इलाके में अभी भी ऑपरेशन जारी है।



