IMD ने जारी किया अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों में उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में लू चलने की संभावना नहीं है। आईएमडी के अनुसार, अगले पांच दिनों में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। अगले दो दिनों तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और असम-मेघालय में भी भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रहने का अनुमान है, जिसके बाद अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होगी। हाल ही में तमिलनाडु, कोंकण और गोवा, असम और मेघालय और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा देखी गई है, साथ ही केरल, तेलंगाना, गुजरात क्षेत्र, बिहार और पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में भी भारी वर्षा हुई है।



