अगले 5 दिनों तक होगी जोरदार बारिश, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

जून का महीना अब अपने खात्मे की तरफ है और मॉनसून ने भी अब अपनी रफ्तार पकड़ ली है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार के रास्ते मॉनसून अब उत्तर प्रदेश, दिल्ली की तरफ फुल स्पीड से बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान विभाग केंद्र ने नई जानकारी देते हुए बताया है कि अगले 3-4 दिनों के दौरान उत्तरी अरब सागर, गुजरात, महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन चुकी हैं। इन राज्यों के लोगों को गर्मी सा राहत मिल सकती है।मौसम विभाग ने 22 जून की अपनी रिपोर्ट में कहा है कि निचले क्षोभमंडल स्तरों में बिहार और उससे सटे पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके कारण अगले 5 दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, बिहार, झारखंड, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में वर्षा होने की संभावना है। वहीं, अगले 3 दिनों में पश्चिमी तट पर निचले स्तर की हवाएं तेज होने के कारण अगले 5 दिनों के दौरान गुजरात, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश के आसार बन रहे हैं।



