प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल से भेजेंगे पीएम-किसान की 23वीं किस्त, कई कृषि परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ

पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ (पीएम-किसान) की 23वीं किस्त जारी कर देश के करोड़ों किसानों को एक बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। इसके जरिए देश के योग्य कृषकों के बैंक खातों में सहायता राशि का सीधा हस्तांतरण किया जाएगा।

आधिकारिक विवरण के मुताबिक, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से देश के 9.44 करोड़ से ज्यादा लाभार्थी किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपए से अधिक की बड़ी राशि ट्रांसफर की जाएगी। इस केंद्रीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों के किसानों से संवाद करेंगे और अपना विशेष संबोधन देंगे।

इस किस्त के जारी होने से अकेले गुजरात राज्य के 51.28 लाख से अधिक किसानों को फायदा मिलेगा, जिनके खातों में कुल 1,025 करोड़ रुपए से अधिक की रकम जमा होगी। इस विशेष दिन को मनाने के लिए गांधीनगर के टाउन हॉल में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ का राज्य स्तरीय आयोजन होगा, जिसमें कृषि मंत्री जीतू वाघाणी और राज्य मंत्री रमेश कटारा भी हिस्सा लेंगे।

सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, इस योजना के अंतर्गत अब तक कुल 22 किस्तें देश के अन्नदाताओं को प्राप्त हो चुकी हैं। योजना की शुरुआत से लेकर अब तक देश भर के लगभग 11 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 4.28 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की आर्थिक सहायता पहुंचाई जा चुकी है।

इस राष्ट्रीय कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कृषि विज्ञान केंद्रों, मार्केट यार्ड, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों और प्राथमिक कृषि ऋण समितियों में लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था की गई है। जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर भी लोगों को इस कार्यक्रम से जोड़ने के लिए खास इंतज़ाम किए गए हैं।

पश्चिम बंगाल के अपने दो दिनों के दौरे की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर बंगाली भाषा में एक पोस्ट के जरिए अपनी यात्रा का विवरण साझा किया। उन्होंने सूचित किया कि वह 20 और 21 जून को राज्य के कई कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगे, जिनमें 20 जून को ‘पश्चिम बंगाल दिवस’ के अवसर पर आयोजित होने वाले खास कार्यक्रम भी शामिल हैं।

अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि तारकेश्वर से जारी होने वाली 23वीं किस्त देश के किसान कल्याण को नई गति देगी। इसके साथ ही कृषि जगत के विकास के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के अंतर्गत एग्री स्टैक, प्राकृतिक खेती पर राष्ट्रीय मिशन और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं को भी धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन योजनाओं से बंगाल सहित पूरे देश के किसान समृद्ध होंगे।

अपने दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के वैश्विक उत्सव में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंचेंगे, जहाँ वे आयोजित होने वाले विशेष योग सत्र में भाग लेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button