14 दिन और कैद में रहेंगे पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अभी न्यायिक हिरासत में ही रहेंगे। रांची स्थित पीएमएलए की विशेष कोर्ट ने न्यायिक हिरासत 11 जुलाई तक बढ़ा दी है। वह रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में कैद रहेंगे। सोरेन पर जमीन घोटाले से जुड़े एक मामले में मनी लॉन्ड्रिंग करने का आरोप है। सोरेन की गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी हुई और इसके बाद न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ा दी गई। हेमंत सोरेन ने इस मामले में झारखंड हाई कोर्ट में जमानत की याचिका दायर की थी, जिस पर 13 जून को सुनवाई पूरी करने के बाद जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय की कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था।



