कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

मानसून की मेहरबानी देश के कई शहरों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में रातभर हुई भारी बारिश के चलते ट्रेनें, सड़कें और राजमार्ग प्रभावित हुए हैं। काम पर जाने वाले लाखों यात्री कई स्टेशनों पर फंस गए और सुबह के सत्र के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश को देखते हुए मुंबई आने वाली 27 उडानों को डायवर्ट और 51 को रद्द किया गया। कम दृश्यता के कारण रनवे पर परिचालन गतिविधियां एक घंटे से अधिक समय तक बंद रहीं। अगले दो दिन में उत्तर पश्चिम में भारी बारिश के आसार हैं।

भारी बारिश के लिए आईएमडी के रेड अलर्ट के कारण मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, पनवेल, पुणे और रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग में स्कूल और जूनियर कॉलेज आज बंद रहेंगे।

मुंबई में पिछले 24 घंटों में 268 मिमी की भारी बारिश दर्ज की गई है। यह एक दशक में 24 घंटे के दौरान हुई सबसे अधिक वर्षा है। हालांकि, 2005 में बना 944.2 मिमी बारिश का सर्वकालिक रेकॉर्ड अब भी बरकरार है। रविवार रात एक बजे से सुबह 7 बजे तक कुल छह घंटे में 300 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। मुंबई में जुलाई के लिए शहर में बारिश का मासिक औसत 840.7 मिमी है।

हिमाचल, उत्तराखंड, असम सहित देश के कई राज्यों में भी मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन पर असर दिख रहा है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। उत्तराखंड में चीन सीमा से संपर्क एकदम कट गया है। यहां चीन सीमा को जोड़ने वाले छह बार्डर मार्ग मलबा आने के चलते बंद हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में भी जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button