मौसम अपडेट

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। देहरादून स्थित मौसम विभाग कार्यालय की ओर से शनिवार से होने वाली बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।कुमाऊं के अधिकांश जिलों में आने वाले 24 से 48 घंटे तक भारी से अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं गढ़वाल के अधिकांश जिलों सहित राजधानी देहरादून व मैदानी इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के मुताबिक उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में अगले चार-पांच दिन भारी बारिश का अनुमान है। इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में अभी तक सामान्य से कम बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगस्त में मानसून रफ्तार पकड़ सकता है। अगले कुछ दिनों में भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि अगले तीन-चार दिनों तक प्रदेश में वर्षा में तेजी आने की संभावना है।



