मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चंदेरी में किया अनेक ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज अशोकनगर जिले के चंदेरी में भ्रमण के दौरान अनेक ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव किला कोठी स्थिति बैजू बावरा की समाधि एवं जौहर स्मारक पहुंचे और श्रद्धा सुमन अर्पित किये। उन्होंने चंदेरी स्थित लक्ष्मण मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। साथ ही चंदेरी में हैंडलूम पार्क का अवलोकन कर बुनकरों से संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगर में रोड़ शो भी किया, नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने नागरिकों का अभिवादन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चंदेरी का जौहर स्मारक देश के गौरव शाली इतिहास का वह स्वर्णिम अध्याय है जो मातृ शक्ति के तेज और पवित्रता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने जौहर-स्मारक पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर रानी मणिमाला सहित उन 1600 क्षत्राणियों को भी नमन किया, जिन्होंने मातृ शक्ति के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिये 29 जनवरी 1528 को जौहर कर लिया था।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चंदेरी में मध्यप्रदेश के रत्न, महान गायक श्री बैजू बावरा की समाधि स्थल पहुंकर श्रद्धा-सुमन अर्पित किये। उन्होंने कहा कि संगीत के लिये समर्पित श्री बैजू बावरा का जीवन भावी पीढ़ियों को संगीत की साधना के लिये प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने समझी हैण्डलूम की कार्यशैली

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चंदेरी में हैण्डलूम पार्क का अवलोकन कर बुनकरों से संवाद किया। उन्होंने हैण्डलूम की कार्यशैली को समझा एवं स्वयं लूम मशीन को भी चलाया। मुख्यमंत्री ने बुनकर मोहम्मद इकबाल, रागिनी कोली, मोहम्मद अनस और कन्हैया कुमार से चर्चा कर उनकी मेहनत और कला की सराहना की।

अपनी कला से दुनिया को आकर्षित कर रही है चंदेरी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चंदेरी साड़ियों का ताना-बाना बुनने वाले ये बुनकर परंपरागत कला को सहेजते हुए आधुनिक तकनीक के साथ कदमताल भी कर रहे हैं और अपनी साड़ियों की चमक से दुनिया को चंदेरी की ओर आकर्षित कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बुनकरों द्वारा चंदेरी साड़ियां एवं अन्य उत्पाद को भी देखा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button