विद्युत महाप्रबंधक सहित 11 अधिकारी और कर्मचारी निलंबित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हम सब जनता के प्रति जवाबदेह हैं, हमारा दयित्व तभी पूरा होता है जब हम अपने कर्त्तव्य का समय रहते निर्वहन करें। शासकीय कार्यों में लापरवाही बर्दाशत नहीं की जाएगी, सभी जिलों में इस क्षेत्र में हुए कार्य की गहन समीक्षा करते हुए बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारी-अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा और जिन्होंने विलम्ब या लापरवाही की है उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय से समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में यह बात कही। समधान ऑनलाइन में 12 जिलों की चयनित जन समस्याओं के संबंध में चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 11 अधिकारियों और कर्मचारियों को निलम्बित करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
लंबित प्रकरणों को समय सीमा में अभियान चला कर निराकृत करें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जन समस्याओं के निराकरण के लिए प्रदेश स्तर पर सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर ऐसा वातावरण निर्मित करने की आवश्यकता है जिससे लोग निर्भय होकर अपनी बात और शिकायत सक्षम अधिकारी के समक्ष रख सकें। विकास, जन कल्याण और मूलभूत सेवाओं से संबंधित लंबित प्रकरणों को जिला स्तर पर समय सीमा निर्धारित कर अभियान चला कर निपटाया जाए तथा अभियान की जिले के साथ राज्य स्तर पर मॉनिटरिंग की जाए। संवेदनशील प्रशासन की स्थापना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जन समस्याओं के प्रभावी और सकारात्मक निराकरण के लिए मैदानी अमले का उत्तरदायित्व और उनकी संवेदनशीलता व सजगता सुनिश्चित की जाए। विभागीय स्तर पर की गई गलतियों को नजर अंदाज नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को सराहा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जन समस्या निवारण में बेहतर प्रदर्शन वाले अधिकारियों की सराहना की। उत्कृष्ट प्रदर्शन वाले जिलों क्रमश: कटनी,विदिशा, सीहोर, सिंगरौली व सागर की भी सराहना की गई। इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन वाले विभागों के अंतर्गत ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय विकास एवं आवास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा गृह विभाग को भी सराहा गया।


