पशुपालन मंत्री ने किया सांची के नए उत्पाद “नेचुरल नारियल पानी” का शुभारंभ

पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल ने कहा है कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए दुग्ध उत्पादन से बड़ा कोई रास्ता नहीं है। मध्यप्रदेश सहकारी दुग्ध संघ अपने सांची ब्रांड के माध्यम से नए नए गुणवत्तापूर्ण उत्पाद बाजार में ला रहा है। आज सांची ने नेचुरल नारियल पानी लॉन्च किया है, जो कि अत्यंत गुणवत्तापूर्ण और स्वास्थ्य वर्धक है।भविष्य में दुग्ध संघ की माइनर मिलेट्स कोदो-कुटकी के उत्पाद भी बाजार में लाने की योजना है।

मंत्री श्री पटेल ने आज भोपाल सहकारी दुग्ध संघ के मुख्य डेयरी प्लांट में सांची के नवीन उत्पाद पाश्चरीकृत नेचुरल नारियल पानी की बिक्री का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वेटरनरी कौंसिल ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष डॉ उमेश शर्मा, संचालक पशुपालन एवं डेयरी डॉ. पी एस पटेल आदि उपस्थित थे। मंत्री श्री पटेल ने स्वयं भी नारियल पानी पिया और उसकी सराहना की। कार्यक्रम में उपस्थित सभी ने सांची नारियल पानी का सेवन किया और उसे गुणवत्ता एवं स्वाद युक्त बताया।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि भोपाल दुग्ध संघ की आय निरंतर बढ़ रही है। इस वर्ष अभी तक लगभग 700 करोड़ का लाभ दुग्ध संघ को हुआ है। दुग्ध संघ निरंतर किसानों के लाभ के लिए कार्य तो कर ही रहा है, संघ के कर्मचारियों के कल्याण में भी पीछे नहीं है। अब किसानों के साथ ही कर्मचारियों का भी बीमा कराया जाएगा।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि सहकारिता का मूल सिद्धांत है पारदर्शिता और जुड़े हुए हर व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना। हमारी सरकार इसी सिद्धांत पर कार्य कर रही है। हमारा उद्देश्य है दुग्ध उत्पादक किसानों को अधिक से अधिक आमदनी हो और हम इसके लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व इस वर्ष हमारी सरकार गौ-संरक्षण एवं गौ-संवर्धन वर्ष मना रही है। गायों की सुरक्षा और उनके समुचित पालन पोषण के प्रति जन-सामान्य में जागरूकता लाने के लिए इस वर्ष सरकार गोवर्धन पूजा पर 2 नवंबर को बड़ी गौ-शालाओं में गो संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग ले और इस पावन कार्य में अपना योगदान दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button