त्यौहार पर स्थानीय कारीगरों से सामान खरीद कर उन्हें प्रोत्साहित करें- मंत्री श्री सारंग

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार को धनतेरस के शुभ अवसर पर नरेला विधानसभा अंतर्गत छोला स्थित श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर के समीप स्थानीय कारीगर से दीपक खरीदे और डिजिटल पेमेंट यूपीआई के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान मंत्री श्री सारंग ने ‘वोकल फॉर लोकल’ के लिये नागरिकों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आज देशवासियों में ‘स्वदेशी’ की भावना जागृत हुई है, वोकल फॉर लोकल से स्थानीय कारीगरों को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों से सामान खरीदने पर देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। “वोकल फॉर लोकल” की भावना त्यौहारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह जीवन की सभी आवश्यकताओं के लिए अपनाई जानी चाहिए। साथ ही, उन्होंने नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दी।


