भारतीय सुरक्षाबलों को शनिवार को जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में मुठभेड़ के दौरान दो आतंकवादियों को मार गिराया

भारतीय सुरक्षाबलों को शनिवार को जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में बड़ी सफलता मिली। सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान दो आतंकवादियों को मार गिराया। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ दक्षिण कश्मीर जिले के शांगस-लारनू इलाके में हल्कन गली के पास हुई। मारे गए दो आतंकियों में से एक विदेशी और दूसरा स्थानीय था। अधिकारियों ने कहा कि आतंकियों के समूह की संबद्धता का अभी पता नहीं चल पाया है और ऑपरेशन जारी है। बीते 12 घंटों में यह मुठभेड़ आतंकवाद से संबंधित चौथी घटना है, जिससे सुरक्षा बलों की चिंताएं बढ़ गई हैं। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ तब शुरू हुई जब सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद इलाके को घेर लिया। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों ने जैसे ही आतंकवादियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे परिणामस्वरूप यह मुठभेड़ हुई।



