पुलिस-नक्सल मुठभेड़ की समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार मध्यप्रदेश पुलिस नक्सल उन्मूलन अभियान में पूरे प्राणपण से जुटी हुई है। नक्सल विरोधी अभियान अंतर्गत रविवार 17 नवबंर को बालाघाट जिले के थाना रूपझर अंतर्गत चौकी सोनगुड्डा के ग्राम कोद्दापार, कुन्दल जंगल क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हॉकफोर्स और नक्सलियों में मुठभेड़ हुई। पुलिस-नक्सल मुठभेड़ में जवान श्री शिव कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस की जवाबी कार्रवाई से नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भाग गए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर सक्सेना 17 नवंबर को कुंदुल जंगल क्षेत्र में हुई नक्सली मुठभेड़ में घायल हुए जवान शिव कुमार शर्मा के स्वास्थ्य का जायजा लेने 18 नवंबर को राज्य शासन के हैलीकॉप्टर से गोंदिया अस्पताल और बालाघाट पहुंचे। इस दौरान एडीजी इंटेलिजेंस श्री योगेश देशमुख तथा आईजी लॉ एंड ऑर्डर श्री अंशुमान सिंह भी साथ रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भी दूरभाष पर चिकित्सकों से बातचीत कर घायल जवान को सर्वोत्तम इलाज देने के निर्देश दिए और राज्य सरकार की ओर से पूरी चिकित्सा वहन करने का आश्वासन दिया।


