मुख्यमंत्री डॉ. यादव म.प्र. ओलम्पिक संघ की वार्षिक साधारण सभा में हुए शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि खेल, शिक्षा का ही एक अभिन्न हिस्सा है। खेल और खिलाडियों का विकास हमेशा ही हमारी सरकार की प्राथमिकता में रहा है। सरकार इनके विकास में कोई कसर नहीं रखेगी। इनकी हर जरुरत पूरी की जायेगी। हम खेल संघों के साथ मिलकर योजना बनाकर काम करेंगे, जिससे प्रदेश से अधिक से अधिक खेल प्रतिभा नेशनल और इंटरनेशनल गेम्स के लिये निकलकर आयें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार जिला स्तरीय ओलम्पिक संघो के साथ समन्वय कर जिला स्तरीय ओलम्पिक गेम्स आयोजित करने की ओर कदम बढ़ायेगी। जिला स्तरीय ओलम्पिक गेम्स में चयनित खिलाडियों के प्रोत्साहन के लिए राज्य स्तरीय ओलम्पिक गेम्स (स्टेट ओलम्पिक) आयोजित किए जाएंगे। खेल विभाग इसकी विधिवत कार्ययोजना बनायेगा। सबसे सुझाव लेकर ही सरकार इस दिशा में आगे बढेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में मध्यप्रदेश ओलम्पिक संघ की वार्षिक साधारण सभा की बैठक (एजीएम) को संबोधित कर रहे थे। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, सांसद खजुराहो एवं मप्र ओलम्पिक संघ के उपाध्यक्ष श्री विष्णु दत्त शर्मा, विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रमेश मेंदोला, पदाधिकारी श्री दिग्विजय, श्री रोहिणी गुप्ता सहित संघ के अन्य सभी पदाधिकारी, सदस्यगण एवं खेल विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिला स्तरीय और राज्य स्तरीय ओलम्पिक खेलों के आयोजन से प्रदेश की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को भी आगे आने का सुनहरा मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य विभाग, मेडिकल एजुकेशन, टेक्निकल एजुकेशन में अध्ययनरत विद्यार्थियों की रुचि के खेलों और खेल मैदानों के विकास के लिए समन्वित प्रयास करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के लिए यह एक नई शुरुआत है। हमारी सरकार हर खिलाड़ी को प्रोत्साहन और जरूरी सुविधाएं प्रदान करेगी। खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि यह अनुशासन, सामूहिकता और नेतृत्व की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि इन खेलों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा, जिससे खेलों में मध्यप्रदेश का नाम रोशन होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button