मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़नगर में किया नवनिर्मित सीएम राइज स्कूल का लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बड़नगर में आज जिस स्कूल को सीएम राइज के रूप में विकसित कर लोकार्पण किया गया है, इसी स्कूल में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी शिक्षा प्राप्त की थी। उनकी स्मृति में बड़नगर के सीएम राइज स्कूल का नाम भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब गाँव और शहरों के नाम जन-भावनाओं के अनुरूप रखे जायेंगे। गजनीखेड़ी पंचायत को अब चामुंडा माता के नाम से जाना जायेगा। इसी तरह जहाँगीरपुर अब जगदीशपुर और मौलाना गाँव विक्रम नगर के नाम से जाना जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को उज्जैन जिले के बड़नगर में 40 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नव-निर्मित सीएम राइज स्कूल भवन का लोकार्पण कर समारोह को संबोधित कर रहे थे।

लोकार्पण कार्यक्रम में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी विशेष रूप से उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि उपज मंडी परिसर बड़नगर में 466.27 लाख रुपए की लागत से हुए नवनिर्माण कार्यों के भूमि-पूजन के साथ बड़नगर विधानसभा क्षेत्र में 343.80 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित 7 उप स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीएम राइज स्कूल का लोकार्पण कर नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया और निर्माण कार्य की सराहना की। उन्होंने बड़नगरवासियों को नए साल में मिली इस नई उपलब्धि के लिए बधाई भी दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिकीकरण के लिये वर्ष 2024 में 4 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे 3 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। औद्योगिकीकरण के प्रयासों से बड़नगर में भी बड़े औद्योगिक समूह द्वारा 3500 करोड़ रुपये की लागत से फैक्ट्री स्थापित की जायेगी। उन्होंने कहा कि बड़नगर में फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना भी शीघ्र होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी जोड़ो परियोजना का भूमिपूजन हो चुका है। इसका सीधा लाभ प्रदेश के 13 जिलों को मिलेगा। इस परियोजना के पूरा होने पर बड़नगर क्षेत्र के खेत भी बारह महीने फसलों से लहलहाएंगे। प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा का उपयोग प्रदेश में ही करने के लिए हम एक लाख से अधिक युवाओं को शासकीय सेवा में भर्ती करेंगे और इसके लिए अभियान चलाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button