भारत मना रहा है 76वां गणतंत्र दिवस

आज भारत अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस खास अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्य पथ पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर समारोह की शुरुआत की। इस वर्ष के मुख्य अतिथि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो हैं, जो भारत के साथ मजबूत द्विपक्षीय संबंधों का प्रतीक हैं। गणतंत्र दिवस परेड के दौरान भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सैन्य ताकत का भव्य प्रदर्शन किया गया।कर्तव्य पथ पर आयोजित इस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने परेड का नेतृत्व करने वाले परेड कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार और परेड सेकेंड-इन-कमांड मेजर जनरल सुमित मेहता से सलामी ली। परेड में भारत की विविधता और सैन्य कौशल का शानदार संगम देखने को मिला। सेना, नौसेना और वायुसेना की टुकड़ियों ने अपने अनुशासन और ताकत का प्रदर्शन किया।



