प्रधानमंत्री ने परीक्षा पे चर्चा में छात्रों से की बातचीत

स्कूल शिक्षा मंत्री श्री सिंह सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में हुए शामिल

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ‘परीक्षा पे चर्चा’ में विद्यार्थियों से बात की। उन्होंने विद्यार्थियों से परीक्षा के दौरान आने वाली चुनौतियों का सामना करने और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने पर बातचीत की। विद्यार्थियों ने चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी से विभिन्न विषयों पर सवाल किये। इन सवालों का प्रधानमंत्री ने रोचक उदाहरणों के साथ जवाब दिया। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में प्रसारित किये गये कार्यक्रम में शामिल हुए।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि नियमित अभ्यास से परीक्षा के दौरान बेहतर समय प्रबंधन में मदद मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से जलवायु परिवर्तन पर भी बात की। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विद्यार्थियों को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिये हमारा स्वस्थ रहना जरूरी है। इसके लिये प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों को पर्याप्त नींद लेने की समझाइश दी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि कक्षा 10वीं या 12वीं जैसी बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे अंक न लाने को जीवन बर्बाद समझ लिया जाता है। यह सही तथ्य नहीं है। जीवन में सफलता की मंजिल के द्वार हमेशा खुले रहते हैं। इसके लिये विद्यार्थियों से उन्होंने लगातार कॉउसिलिंग करने के लिये कहा। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि विद्यार्थियों को तनाव से दूर रहने के लिये पढ़ाई के अलावा किसी अन्य हॉबी पर भी ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से दोस्तों के साथ अपने विचारों को साझा करने की बात कही। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि हर विद्यार्थी में कुछ खास गुणों के कारण विशिष्टता होती है। शिक्षकों का दायित्व है कि वे विद्यार्थी की विशिष्टताओं से परिपूर्ण इस प्रतिभा को सामने लायें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button