महाकुंभ का आज 43वां दिन : सुबह 10 बजे तक 55 लाख लोगों ने किया स्नान

महाकुंभ का आज 43वां दिन है। सुबह 10 बजे तक 55 लाख लोगों ने स्नान किया, जबकि एक दिन पहले ये आंकड़ा करीब 50 लाख था। 13 जनवरी से अब तक 62.61 करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं।
प्रयागराज में एंट्री पॉइंट पर पार्किंग के आसपास जाम लगा है। शहर के अंदर चौराहों पर भी भीषण जाम है। प्रयागराज पहुंचने वाली गाड़ियों को संगम से 10km पहले पार्किंग में रोका जा रहा है। उसके बाद मेला क्षेत्र तक ऑटो, ई-रिक्शा या शटल बसों से जा सकते हैं। हालांकि, भीड़ के मुताबिक ये साधन बहुत कम हैं। दूसरी ओर ऑटो वाले 10 किमी के एक हजार रुपए तक वसूल रहे हैं। ऐसे में बहुत श्रद्धालु 10 किमी तक पैदल चलने को मजबूर हैं।