मुख्यमंत्री पृथ्वीपुर में देवी अहिल्याबाई नारी शक्ति सम्मेलन में हुए शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारत की मातृशक्ति ने भारत का मान बढ़ाया है। भारत में बहन-बेटियों का सम्मान होता है, दुनिया में कहीं भी रक्षाबंधन नहीं मनाया जाता है। सात जन्मों तक भाई-बहन का प्यार रहता है इस प्यार की किसी से तुलना नहीं हो सकती। इसलिए सरकार ने तय किया है कि लाड़ली बहनों के लिए रक्षाबंधन पर 250 रुपए बढ़ाकर दिये जाएंगे। साथ ही आगामी दीपावली से लाड़ली बहनों को 1500 रुपए दिए जाएंगे और 2028 तक यह राशि बढ़ाकर 3 हजार रुपये कर दी जायेगी। उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई ताकत हमारी लाड़ली बहनों को धन देने से नहीं रोक सकती। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार बहनों के विकास के मामले में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगी। रेडीमेड गारमेंट में काम करने वाली बहनों को मध्यप्रदेश सरकार 5 हजार रुपए महीना देगी यह सरकार का निर्णय है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में देवी अहिल्याबाई नारी शक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में शामिल होकर मैं अभिभूत हूं। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में गरीबी को दूर करने के लिए नदी जोड़ो अभियान की कल्पना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र की केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना की शुरुआत हमारी सरकार ने की है जिस पर तेजी से काम किया जा रहा है। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुंदेलखंड की अक्षरु माता मंदिर के लोक निर्माण के लिए 5 करोड़ की राशि देने और सिमरा से पृथ्वीपुर मार्ग के दोहरीकरण के लिए 25 करोड़ रुपए की राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवाड़ी जिले में किसान हल्दी, अदरक, लहसुन की खेती करते हैं। इसके लिए फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवाड़ी जिले में मछली उत्पादन करने वाले मछुआरों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा की आने वाला समय अब बुंदेलखंड का है। यहां के किसानों के खेतों तक समुचित पानी पहुंचेगा हर हाथ को कम मिलेगा, इसके प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में फसलों का उत्पादन ठीक प्रकार से हो और उसकी अच्छी कीमत भी किसानों को मिले इसके समुचित प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार देश में सबसे ज्यादा 2600 रुपए समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 350 से अधिक सांदीपनि विद्यालय बनाए जा रहे हैं। जुलाई महीने से जिन बच्चों के घर की स्कूल से दूरी 7 किलोमीटर से अधिक है, ऐसे सभी बच्चों को साइकिल देने का काम सरकार करने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली छात्रों को मध्यप्रदेश सरकार लैपटॉप भी उपलब्ध कराएगी। प्रदेश सरकार आईटी सेक्टर को भी प्रोत्साहित कर रही है जिससे प्रतिभाशाली युवाओं को रोजगार मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button