सेना का ऑपरेशन शिवशक्ति

पुंछ में LoC के पास सेना ने मार गिराए 2 घुसपैठिए आतंकी
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो आतंकवादियों को सेना ने ढेर कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार देर रात देगवार सेक्टर के मालदीवलन इलाके में सीमा पर तैनात जवानों ने कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
इस ऑपरेशन को ‘शिवशक्ति’ नाम दिया गया था। मारे गए आतंकियों के पास से 3 हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद किया गया।
पिछले दिनों हुए अन्य सफल ऑपरेशन
यह पिछले तीन दिनों में सेना का दूसरा सफल एनकाउंटर है। इससे पहले, 28 जुलाई को श्रीनगर के दाचीगाम नेशनल पार्क के पास हरवान इलाके में सुरक्षाबलों ने तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया था। गृह मंत्री अमित शाह ने 29 जुलाई को लोकसभा में बताया था कि मारे गए आतंकियों में से एक पहलगाम हमले का मुख्य आरोपी सुलेमान भी था।
अन्य दो आतंकियों की पहचान जिबरान और हमजा अफगानी के रूप में हुई है। जिबरान 2024 के सोनमर्ग सुरंग प्रोजेक्ट पर हुए हमले में शामिल था। इन आतंकियों के पास से अमेरिकी M4 कार्बाइन, AK-47, 17 राइफल और ग्रेनेड जैसे हथियार मिले थे। इस ऑपरेशन को ‘महादेव’ नाम दिया गया था।



