बेंगलुरु में पीएम मोदी ने तीन वंदे भारत एक्सप्रेस और नम्मा मेट्रो की येलो लाइन का किया शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बेंगलुरु दौरे के दौरान देश को महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने क्रांतिवीर सांगोली रायन्ना रेलवे स्टेशन से तीन नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। ये ट्रेनें बेंगलुरु-बेलगावी, अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा, और नागपुर (अजनी)-पुणे मार्गों पर संचालित होंगी। इस मौके पर पीएम मोदी ने बेंगलुरु-बेलगावी वंदे भारत ट्रेन में स्कूली बच्चों से संवाद भी किया।
इसके बाद, प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु के सार्वजनिक परिवहन को नई गति देते हुए नम्मा मेट्रो की येलो लाइन का भी उद्घाटन किया। यह लाइन आर.वी. रोड (रागीगुड्डा) से बोम्मासंद्रा तक 19 किलोमीटर से अधिक लंबी है, जिसमें कुल 16 स्टेशन हैं। इसके साथ ही, उन्होंने मेट्रो के तीसरे चरण की आधारशिला भी रखी, जिससे बेंगलुरु के नागरिकों के लिए यात्रा और सुविधाजनक हो जाएगी।



