आज देशभर में मनाई जा रही है जन्माष्टमी, मथुरा-वृंदावन में उमड़ा भक्तों का सैलाब

आज, 16 अगस्त, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व मनाया जा रहा है। सूर्योदय से लेकर रात तक श्रीकृष्ण की जन्म तिथि रहेगी। उदया तिथि की परंपरा के अनुसार, मथुरा, वृंदावन, द्वारका, पुरी और देश के अधिकांश मंदिरों में आज ही जन्माष्टमी मनाई जा रही है।
श्रीकृष्ण का जन्म रात के आठवें मुहूर्त में हुआ था, इसलिए उनका जन्मोत्सव रात में ही मनाया जाता है। यह शुभ मुहूर्त रात 12 बजे से 12:48 तक रहेगा। हालांकि, जो भक्त रात में पूजा नहीं कर पाते हैं, वे अष्टमी तिथि के दौरान दिन में किसी भी समय भगवान कृष्ण की पूजा कर सकते हैं।
मथुरा-वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम है और करीब 10 लाख भक्त वृंदावन में मौजूद हैं। बांके बिहारी मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी कतारें देखी जा सकती हैं।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में ठाकुरजी की पोशाक मथुरा के कारीगरों ने 6 महीने में तैयार की है। इसमें सोने-चांदी के तारों का इस्तेमाल हुआ है और कपड़े में इंद्रधनुष के सातों रंग शामिल किए गए हैं, जिससे ठाकुरजी बेहद दिव्य और अलौकिक दिख रहे हैं। मंदिर को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की थीम पर सजाया गया है, और ठाकुरजी जिस फूल बंगले में विराजेंगे, उसे सिंदूरी रंग के फूलों से सजाया गया है। ये फूल कोलकाता और बेंगलुरु से मंगाए गए हैं।



