सांची विधानसभा में 136 करोड़ रुपए से कई विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विरासत से विकास हमारा मूल मंत्र है। हम अपने तंत्र को भी इसी मंशा के अनुरूप तैयार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी समृद्धशाली संस्कृति और विरासतों को बेहतर तरीके से सहेजकर उन्हें संवारने के हमारे प्रयास हमेशा जारी रहेंगे। महलपुर पाठा के अतिप्राचीन श्रीराधा कृष्ण मंदिर का सभी संभव तरीके से जीर्णोद्धार और परिसर का विकास कर इसे भव्यतम स्वरुप प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर रायसेन जिले के गैरतगंज के महलपुर पाठा स्थित मंदिर परिसर में आयोजित श्री कृष्ण पर्व कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार तेजी से विकास कार्यों के लक्ष्य हासिल करते हुए आगे बढ़ रही है। जल्द ही प्रदेश के दो बड़े शहर इंदौर और भोपाल मेट्रोपोलिटन सिटी के रूप में विकसित होंगे। राजधानी भोपाल से सटा जिला रायसेन, सांची और विदिशा भी मेट्रोपोलिटन सिटी का हिस्सा बनेगा। यही नहीं राजगढ़ और नर्मदापुरम भी मेट्रोपोलिटन क्षेत्र में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मेट्रोपोलिटन सिटी विकसित होने पर रायसेन क्षेत्र के युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि रायसेन जिले के विकास के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सांची विधानसभा क्षेत्र को 136 करोड़ रुपए के कई विकास कार्यों की सौगात भी दी। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर लोक निर्माण विभाग के 15 कार्य सहित जनजातीय ग्रामों तक सड़क निर्माण और अनेक विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं में हितलाभ वितरण किए। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पौद्यरोपण भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। गौमाता का पूजन कर पशुआहार खिलाया।

सांची विधानसभा को मिली अनेक विकास कार्यों की सौगात

इस अवसर पर विधायक सांची डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर गैरतगंज पधारे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभिनंदन है। सांची विधानसभा के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण किया जा रहा है। इनमें गैरतगंज का 50 बेड अस्पताल और देवनगर में 30 बेड अस्पताल और जिला अस्पताल का उन्नयन भी शामिल है। 10 स्वास्थ्य केंद्रों की सौगात भी आज क्षेत्रवासियों को मिल रही है। जनजातीय बहुल गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए 10 सड़कों का भूमि-पूजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नारायण सिंह पंवार, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, विधायक श्री सुरेंद्र पटवा, पूर्व मंत्री श्री रामपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, जिलाध्यक्ष श्री राकेश शर्मा, संत श्री अमृतदास जी महाराज, यादव समाज के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महलपुर पाठा स्थित राधाकृष्ण मंदिर समिति के सदस्य व स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button