पीएम मोदी ने कोलकाता को दी 5200 करोड़ की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कोलकाता में 5200 करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने 13.62 किलोमीटर लंबे तीन नए मेट्रो रूट का उद्घाटन किया, जिससे शहर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इसके साथ ही, 1200 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बनने वाले 7.2 किलोमीटर लंबे 6 लेन कोना एक्सप्रेसवे की आधारशिला भी रखी गई। इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शामिल नहीं हुईं।
जनसभा में पीएम मोदी ने टीएमसी पर साधा निशाना परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद, एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार घुसपैठियों के खिलाफ अभियान चला रही है, लेकिन टीएमसी, कांग्रेस और इंडी अलायंस वोट बैंक की राजनीति के लिए घुसपैठ को बढ़ावा दे रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि जब विकसित देश भी घुसपैठियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं, तो भारत उन्हें और बर्दाश्त नहीं कर सकता। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उनका एक वोट बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त करा सकता है।
अन्य मुद्दों पर भी बोले पीएम मोदी प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में टीएमसी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन एंटी-करप्शन बिलों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सरकार 20 अगस्त को लोकसभा में एक बिल लाई थी, जिसमें 30 दिनों तक जेल में रहने पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्रियों को उनके पद से हटाने का प्रावधान है।



