नौसेना की ताकत बढ़ी: INS उदयगिरि और INS हिमगिरि बेड़े में शामिल

मंगलवार को भारतीय नौसेना की ताकत में और इजाफा हुआ जब उसे दो नए स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस उदयगिरि और आईएनएस हिमगिरि मिले। कमीशनिंग सेरेमनी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस उपलब्धि को देश के लिए गर्व का क्षण बताया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि नौसेना ने पूरी तरह से भारत में बना एफ-35 युद्धपोत कमीशन किया है, जबकि दुनिया के कई देशों के पास उड़ने वाला एफ-35 है। उन्होंने बदलते समय के साथ नई सोच और नए समाधान खोजने की जरूरत पर भी जोर दिया, क्योंकि युद्ध का स्वरूप लगातार बदल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार रक्षा क्षेत्र में रिसर्च और डेवलपमेंट को बढ़ावा दे रही है।
ये दोनों युद्धपोत विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए हैं ताकि ये दुश्मन के रडार, इंफ्रारेड और वॉयस सेंसर से बचे रहें। इनकी तैनाती रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हिंद-प्रशांत क्षेत्र में की जाएगी। इन पर ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल, सतह से हवा में मार करने वाली बराक-8 मिसाइल, 76 एमएम की नौसैनिक बंदूकें और पानी के अंदर चलने वाले टारपीडो विस्फोटक हथियार लगे हैं।
आईएनएस हिमगिरि का निर्माण कोलकाता के गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) ने किया है, जिसका नाम पुराने आईएनएस हिमगिरि के नाम पर रखा गया है। वहीं, आईएनएस उदयगिरि को मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड ने सिर्फ 37 महीनों में बनाया है। इसका नाम आंध्र प्रदेश की उदयगिरि पर्वत शृंखला के नाम पर रखा गया है।



