अरब सागर में ‘साइक्लोन शक्ति’ सक्रिय: महाराष्ट्र, गुजरात में 7 अक्टूबर तक हाई अलर्ट

गुजरात के कच्छ की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब एक साइक्लोन में तब्दील हो गया है, जिसे श्रीलंका ने ‘शक्ति’ नाम दिया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह अरब सागर का मानसून के बाद का पहला चक्रवाती तूफान है, हालांकि यह भारत में लैंडफॉल नहीं करेगा। यह तूफान शुक्रवार को द्वारका से 300 किलोमीटर पश्चिम की ओर 8 किमी/घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा था, और इसके शनिवार तक एक भीषण चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है।
अलर्ट और खतरे: महाराष्ट्र में 3 से 7 अक्टूबर तक अलर्ट है। मुंबई, ठाणे और रायगढ़ समेत तटीय जिलों में 45-55 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो 65 किमी/घंटा तक बढ़ सकती हैं। 7 अक्टूबर तक गुजरात और उत्तरी महाराष्ट्र तट पर ऊंची लहरें और भारी बारिश का खतरा है। 6 अक्टूबर से साइक्लोन की गति धीमी होने की उम्मीद है।
मछुआरों को 7 अक्टूबर तक अरब सागर में न जाने की कड़ी चेतावनी जारी की गई है। सरकार ने सभी जिला प्रशासनों को आपदा प्रबंधन प्रणालियों को सक्रिय करने और निचले तथा तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने की योजना पर काम करने का निर्देश दिया है।



