आईएनएस सतलुज ने मॉरीशस में 35,000 वर्ग समुद्री मील का संयुक्त जल सर्वेक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया

भारतीय नौसेना के जहाज (आईएनएस) सतलुज ने मॉरीशस हाइड्रोग्राफिक सर्विस के सहयोग से एक विशाल संयुक्त जल सर्वेक्षण मिशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। भारत और मॉरीशस के बीच मौजूदा समझौता ज्ञापन के तहत किए गए इस सर्वेक्षण में लगभग 35,000 वर्ग समुद्री मील का विस्तृत क्षेत्र शामिल था।
यह सर्वेक्षण मॉरीशस की ब्लू इकोनॉमी के लक्ष्यों को समर्थन देते हुए समुद्री चार्टिंग, तटीय विनियमन और संसाधन प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण डेटा प्रदान करेगा। इस क्षमता-निर्माण पहल के तहत, मॉरीशस के छह कर्मियों को जहाज पर आधुनिक जल सर्वेक्षण तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
इस तैनाती के दौरान, आईएनएस सतलुज ने मॉरीशस नेशनल कोस्ट गार्ड के साथ मिलकर ईईजेड निगरानी और समुद्री डकैती-रोधी गश्त भी की, जिससे क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा मजबूत हुई। एक औपचारिक समारोह में, सर्वेक्षण की फेयरशीट मॉरीशस के आवास और भूमि मंत्री, श्री शकील अहमद यूसुफ अब्दुल रजाक मोहम्मद को सौंपी गई। यह मिशन, दोनों देशों के बीच 18वां संयुक्त जल सर्वेक्षण, सुरक्षित नौवहन और स्थायी समुद्री साझेदारी के प्रति उनकी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



