भारत और अर्जेंटीना के बीच कृषि क्षेत्र में ऐतिहासिक समझौता, 2025-27 के लिए कार्य योजना पर हुए हस्ताक्षर

नई दिल्ली: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और अर्जेंटीना के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल टेक्नोलॉजी (INTA) ने कृषि अनुसंधान और तकनीक साझा करने के लिए वर्ष 2025-2027 की कार्य योजना पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते पर कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) के सचिव और ICAR के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट तथा भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो ऑगस्टिन कौसिनो ने हस्ताक्षर किए।
इस सहयोग के तहत प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, बिना जुताई के खेती (No-till farming), डिजिटल कृषि और पशु जैव प्रौद्योगिकी जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा। दोनों देश सोयाबीन, मक्का और सूरजमुखी जैसे बीजों (जर्मप्लाज्म) का भी आदान-प्रदान करेंगे। इसके अलावा, पशुओं में होने वाले खुरपका-मुँहपका रोग के उन्मूलन और टिड्डी प्रबंधन पर भी तकनीकी सहयोग किया जाएगा।



