अमेरिकी सीनेट की सुनवाई में एंथोनी फाउची ने साधी चुप्पी, पांचवें संशोधन का लिया सहारा

अमेरिकी सीनेट की एक महत्वपूर्ण सुनवाई के दौरान पूर्व शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ एंथोनी फाउची ने कोविड-19 महामारी की शुरुआत और वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी से जुड़े तीखे सवालों के जवाब देने से स्पष्ट इनकार कर दिया। बुधवार को स्थानीय समयानुसार आयोजित इस सुनवाई में उन्होंने अमेरिकी संविधान के पांचवें संशोधन का हवाला देते हुए स्वयं के खिलाफ साक्ष्य न देने के अधिकार का उपयोग किया।

सीनेट होमलैंड सिक्योरिटी एंड गवर्नमेंटल अफेयर्स कमेटी की इस कार्रवाई के दौरान रिपब्लिकन सांसदों ने कड़ा रुख अपनाया। सांसदों का आरोप था कि अमेरिकी वित्तीय सहायता के जरिए वुहान लैब में जोखिम भरे ‘गेन-ऑफ-फंक्शन’ रिसर्च को बढ़ावा दिया गया था, जिससे उत्पन्न सवालों के उत्तर आज भी अधुरे हैं।

समिति के अध्यक्ष और रिपब्लिकन सीनेटर रैंड पॉल ने फाउची पर खतरनाक शोध का समर्थन करने का आरोप मढ़ते हुए कहा कि समन के बावजूद गवाही न देना गंभीर विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि समिति उनके खिलाफ ‘अवमानना’ (कंटेंप्ट ऑफ कांग्रेस) का प्रस्ताव लाने पर गंभीरता से विचार कर रही है।

अपनी प्रारंभिक टिप्पणी में एंथोनी फाउची ने अपने लंबे करियर का हवाला देते हुए कहा कि वे 200 से अधिक बार अमेरिकी कांग्रेस के समक्ष पेश हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रैंड पॉल लंबे समय से उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते आ रहे हैं और इस सुनवाई का उद्देश्य केवल ऐसे बयान दर्ज कराना है जिनका उपयोग उनके विरुद्ध किया जा सके।

फाउची ने अपने विधिक सलाहकारों की सिफारिश का जिक्र करते हुए समिति के समक्ष स्पष्ट किया कि वे आत्म-अपराध से संरक्षण देने वाले पांचवें संशोधन के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग कर रहे हैं। इसके बाद पूरी कार्यवाही के दौरान पूछे गए लगभग सभी प्रश्नों पर उन्होंने इसी एक पंक्ति के जवाब को दोहराते हुए उत्तर देने से इनकार किया।

सुनवाई के दौरान रैंड पॉल ने वुहान प्रयोगशाला को मिले अमेरिकी कोष, वायरस के लैब लीक के दावों, गेन-ऑफ-फंक्शन अनुसंधान, प्रशासनिक दस्तावेजों और सेवानिवृत्ति से पूर्व मिले राष्ट्रपति क्षमादान पर कई प्रश्न खड़े किए। उन्होंने उल्लेख किया कि सीआईए, एफबीआई और ऊर्जा विभाग जैसी अमेरिकी एजेंसियां प्राकृतिक उत्पत्ति के बजाय लैब से वायरस के प्रसार को अधिक संभावित मानती हैं।

एंथोनी फाउची द्वारा लगातार चुप्पी साधे रखने पर सीनेटर पॉल ने घोषणा की कि समिति आगामी सप्ताह में उनके खिलाफ कांग्रेस की अवमानना से जुड़े प्रस्ताव पर मतदान आयोजित करेगी। दूसरी ओर, समिति में शामिल डेमोक्रेटिक सांसदों ने इस पूरी कार्यवाही की मंशा पर सवाल उठाए।

वरिष्ठ डेमोक्रेट सीनेटर गैरी पीटर्स ने इस प्रक्रिया को राजनीतिक रूप से प्रेरित करार दिया। उन्होंने तर्क दिया कि विधायी संस्थाओं को राजनीतिक खींचतान के स्थान पर भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने और सार्वजनिक स्वास्थ्य तंत्र को सुदृढ़ बनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

डेमोक्रेटिक सदस्यों ने फाउची की बहुमूल्य जनसेवा की सराहना करते हुए उनके संवैधानिक अधिकारों के उपयोग का समर्थन किया। इसके विपरीत, रिपब्लिकन पक्ष का कहना था कि उनके असहयोग से महामारी के दौरान लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की निष्पक्ष जांच में बाधा उत्पन्न हुई है। यह घटनाक्रम दर्शाता है कि कोविड की उत्पत्ति और वैज्ञानिक अनुसंधानों पर अमेरिका में राजनीतिक विभाजन बना हुआ है, जबकि वैज्ञानिक स्तर पर सर्वसम्मति अब भी अधूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button