गुवाहाटी से कोलकाता के बीच चलेगी पहली वंदे भारत स्लीपर, हवाई सफर से काफी सस्ता होगा किराया; जानें पूरी डिटेल

नई दिल्ली: भारतीय रेलवे के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी और कोलकाता के बीच संचालित होगी। 1000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन को लंबी यात्राओं के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है।
किराया और सुविधाएं: रेलवे ने इस प्रीमियम ट्रेन के किराए को हवाई किराए की तुलना में काफी किफायती रखा है। जहाँ गुवाहाटी-हावड़ा रूट पर हवाई टिकट 6,000 से 10,000 रुपये तक होता है, वहीं वंदे भारत स्लीपर में थर्ड AC का किराया ₹2,300, सेकंड AC का ₹3,000 और फर्स्ट AC का किराया लगभग ₹3,600 प्रस्तावित है।
ट्रायल में दिखी रफ्तार की स्थिरता: हाल ही में कोटा-नागदा ट्रैक पर इस ट्रेन का 180 किमी/घंटा की रफ्तार पर ट्रायल किया गया। इस दौरान एक अनोखा परीक्षण हुआ—लोको पायलट ने इंजन में पानी से भरे 4 गिलास रखे, लेकिन इतनी उच्च गति के बावजूद पानी की एक बूंद भी नहीं छलकी। रेल मंत्री ने बताया कि साल के अंत तक ऐसी 12 ट्रेनें तैयार हो जाएंगी।



