‘प्रगति’ और PMG पोर्टल से बदला विकास का स्वरूप; मध्य प्रदेश ने केंद्रीय परियोजनाओं के क्रियान्वयन में हासिल की 97% सफलता

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘प्रो-एक्टिव गवर्नेंस’ मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार के समन्वय से देश में बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले जो परियोजनाएं विभागों के आपसी तालमेल की कमी के कारण वर्षों तक अटकी रहती थीं, अब प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप (PMG) और ‘प्रगति’ (PRAGATI) प्लेटफॉर्म के माध्यम से उन्हें गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने आंकड़ों के साथ जानकारी साझा की कि मध्य प्रदेश में कुल 209 बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात मिली है। इनमें से 2 लाख 61 हजार करोड़ रुपये की 108 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 5 लाख 24 हजार करोड़ रुपये से अधिक की 101 परियोजनाओं पर कार्य जारी है। मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि राज्य सरकार ने पीएमजी और प्रगति के तहत उठाए गए मुद्दों को सुलझाने में 97 प्रतिशत की ऐतिहासिक सफलता दर हासिल की है, जो सुशासन का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।


