पशुपालकों के लिए जल्द आएगा विशेष ऐप; पराली जलाने पर रोक और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए सीएम के सख्त निर्देश

भोपाल: प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और पशुपालन को लाभ का धंधा बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई नवाचारों की रूपरेखा प्रस्तुत की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पशुपालकों के ज्ञानवर्धन के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप तैयार किया जा रहा है, जो पशुओं के आहार, नस्ल सुधार और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान करेगा। साथ ही, नगरीय निकायों में मछली विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित ‘फिश पार्लर’ स्थापित किए जाएंगे।
पर्यावरण संरक्षण पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने कलेक्टर्स को ‘नरवाई प्रबंधन प्लान’ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेतों में पराली जलाने की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए और किसानों को जागरूक किया जाए कि वे फसल अवशेषों को निकटतम गौशालाओं में भेजें। इससे न केवल प्रदूषण कम होगा, बल्कि गौवंश के लिए चारे की व्यवस्था भी सुनिश्चित होगी। मुख्यमंत्री ने पराली से कंपोजिट बायोगैस संयंत्रों की स्थापना की संभावनाओं को भी तलाशने को कहा।



