‘सनातन परंपरा को नई ऊंचाइयां दे रहे हैं महंत स्वामी महाराज’ – वडोदरा में बोले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वडोदरा में आध्यात्मिक उत्साह के बीच पूज्य महंत स्वामी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। डॉ. यादव ने भावुक होते हुए कहा कि संतों की उपस्थिति किसी बगीचे में एक साथ खिले फूलों की तरह होती है, जो समाज को अपनी सुगंध से महकाते हैं।
उन्होंने कहा कि यह मध्य प्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि महंत स्वामी महाराज की जीवन यात्रा की जड़ें एमपी से जुड़ी हैं। उन्होंने ‘सत्संग दीक्षा’ जैसे ग्रंथों और हजारों सेवाभावी युवा संतों के निर्माण की सराहना की। सीएम ने जोर देकर कहा कि आज विश्व भर में 600 से अधिक स्वामीनारायण मंदिरों का निर्माण भारत की आध्यात्मिक शक्ति का प्रमाण है। 15 हजार से अधिक बच्चों द्वारा संस्कृत श्लोकों का सामूहिक पाठ भारतीय संस्कृति को जीवंत रखने की दिशा में एक बड़ा कदम है।



