अमेरिका के साथ ‘ऐतिहासिक’ ट्रेड डील पर केंद्र का पहला बयान: पीयूष गोयल बोले- ‘किसी भी भारतीय का अहित नहीं होगा’

नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच हुए बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते (Trade Deal) पर केंद्र सरकार ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए इसे देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को मीडिया को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि इस समझौते में भारत के राष्ट्रीय हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया गया है। गोयल ने विश्वास जताया कि यह डील हर भारतीय के लिए गर्व का विषय बनेगी।
कृषि और डेयरी क्षेत्र के लिए सुरक्षा कवच पीयूष गोयल ने विपक्ष की चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वार्ता के दौरान कृषि और डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ने हमेशा इन क्षेत्रों के हितों की रक्षा की है। जो सेक्टर श्रम-प्रधान हैं और लाखों लोगों को रोजगार देते हैं, उन्हें इस डील से नई ऊर्जा मिलेगी।”
ट्रम्प और मोदी की मित्रता का परिणाम वाणिज्य मंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी मित्रता का सम्मान किया है। उन्होंने दावा किया कि भारत ने अन्य प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में अमेरिका से बेहतर शर्तें हासिल की हैं। जल्द ही दोनों देश इस पर एक आधिकारिक साझा बयान जारी करेंगे।
विपक्ष पर तीखा प्रहार राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए गोयल ने कहा कि विपक्ष की सोच नकारात्मक है। उन्होंने कहा कि जो लोग देश को गुमराह कर रहे हैं, उन्हें जनता से माफी मांगनी चाहिए। गोयल के अनुसार, यह डील भारत के 140 करोड़ नागरिकों, विशेषकर किसानों, मछुआरों, युवाओं और महिलाओं के लिए विकास के नए द्वार खोलेगी।



