एयर इंडिया AI-171 दुर्घटना मामला: AAIB ने जांच पूरी होने की खबरों को नकारा, मीडिया से संयम की अपील की

नई दिल्ली: विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने उन हालिया मीडिया खबरों का खंडन किया है जिनमें दावा किया गया था कि एयर इंडिया की उड़ान AI-171 की दुर्घटना की जांच पूरी हो चुकी है। ब्यूरो ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि ये खबरें पूरी तरह से अटकलों पर आधारित और निराधार हैं।
एएआईबी ने जोर देकर कहा कि जांच अभी भी सक्रिय चरण में है और किसी भी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुँचा गया है। संस्था ने स्पष्ट किया कि वह ‘विमान (दुर्घटना और घटनाओं की जांच) नियमावली, 2025’ और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के ‘अनुलग्नक 13’ के तहत कड़े वैश्विक मानकों का पालन करते हुए जांच कर रही है। ब्यूरो का प्राथमिक उद्देश्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर असली कारणों का पता लगाना है ताकि भविष्य में विमानन सुरक्षा को और बेहतर बनाया जा सके।



