एआई और क्लाउड क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा भारत; नीवक्लाउड आगामी 5 वर्षों में करेगा 10 हजार करोड़ का निवेश

नई दिल्ली/भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-2026’ में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने इंदौर स्थित स्टार्टअप ‘नीवक्लाउड’ (NeevCloud) के प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन किया और कंपनी के भविष्य के रोडमैप की जानकारी ली। कंपनी के फाउंडर एवं सीईओ श्री नरेन्द्र सेन ने मुख्यमंत्री को बताया कि भारत को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से स्वदेशी एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है।
श्री सेन ने एक बड़ी निवेश योजना का खुलासा करते हुए बताया कि कंपनी अब तक 700 करोड़ रुपये का निवेश सुरक्षित कर चुकी है। आगामी पांच वर्षों में एआई इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर्स और सेमीकंडक्टर तकनीक के विकास के लिए भारत में 10,000 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार देश को डिजिटल क्षेत्र में सशक्त बनाएंगे और डेटा सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।



