मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सारंगपुर के विकास पर आधारित पुस्तिका ‘विकास की गाथा’ का किया विमोचन

मंत्रालय में मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सारंगपुर क्षेत्र के विकास कार्यों पर केंद्रित विशेष पुस्तिका ‘विकास की गाथा: अभ्युदय सारंगपुर प्रमुख उपलब्धियां एवं विकास कार्य (वर्ष 2024 से 2026)’ का विमोचन किया। यह पुस्तक कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. गौतम टेटवाल द्वारा लिखी गई है।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य के विकास और कार्यों के दस्तावेजीकरण से जुड़े इस नवाचार की सराहना की। उन्होंने लेखक डॉ. टेटवाल को इस रचनात्मक प्रयास के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

यह पुस्तिका राजगढ़ जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-164 सारंगपुर पर आधारित है। इसमें बीते ढाई वर्षों की अवधि के दौरान क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं और सभी क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों को विस्तार से दर्ज किया गया है।

पुस्तिका के माध्यम से सारंगपुर में हुए ढांचागत और सामाजिक बदलावों का सिलसिलेवार ब्योरा दिया गया है। विभिन्न विकास परियोजनाओं और उपलब्धियों को जनमानस के समक्ष स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने के लिए इसमें आकर्षक चित्रों का भी समावेश किया गया है।

विमोचन के इस अवसर पर राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य मौजूद रहे। इनमें खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता अधिकार संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला प्रमुख रूप से शामिल थे।

इसके अलावा संस्कृति, पर्यटन तथा धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी और नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button