अन्नदाता का उत्थान: कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बोले- उत्पादन में भारत ने गाड़े झंडे, अब दुनिया का ‘फूड बास्केट’ बनने की तैयारी

नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान देश के कृषि क्षेत्र में आए क्रांतिकारी बदलावों का ब्योरा साझा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी कार्यशैली का ही परिणाम है कि भारत आज चावल उत्पादन में शीर्ष पर है और गेहूं के उत्पादन में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
खाद्यान्न उत्पादन में 33% का उछाल मंत्री ने बताया कि देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में 33 फीसद का इजाफा हुआ है। सरकार का अगला लक्ष्य भारत को पूरी दुनिया का ‘फूड बास्केट’ बनाना है। इसके लिए उच्च गुणवत्ता वाले फल और सब्जियों के उत्पादन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा क्योंकि किसान ही देश की अर्थव्यवस्था की धुरी हैं।
किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार ने ‘भारत विस्तार’ प्लेटफॉर्म पेश किया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस प्लेटफॉर्म की खूबियों के बारे में बताते हुए कहा कि अब किसानों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कहीं भटकने की जरूरत नहीं होगी।
बहुभाषी और सरल यूजर इंटरफेस इस प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे चलाने के लिए किसी विशेष आईटी ज्ञान या तकनीकी शिक्षा की आवश्यकता नहीं है। किसान अपनी भाषा में कृषि से संबंधित कोई भी सवाल पूछ सकेंगे और उन्हें तुरंत समाधान मिलेगा। मंत्री ने घोषणा की कि आने वाले दिनों में इसे विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में लॉन्च किया जाएगा, ताकि देश के हर कोने का किसान इसका लाभ उठा सके।



