भारत-कनाडा संबंधों में नए युग : पीएम मोदी और मार्क कार्नी की मुलाकात से बढ़ा आपसी भरोसा और सहयोग

नई दिल्ली: भारत और कनाडा के द्विपक्षीय संबंधों में सोमवार को एक ऐतिहासिक मोड़ आया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में उच्च स्तरीय वार्ता हुई। पीएम कार्नी की पहली भारत यात्रा को दोनों देशों के बीच “एक अहम पड़ाव” माना जा रहा है।
साझेदारी में नई ऊर्जा का संचार: मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर इस बैठक को अत्यंत सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि पीएम कार्नी के साथ हुई चर्चा ने दोनों देशों के रिश्तों में नई ऊर्जा, विश्वास और सकारात्मकता का संचार किया है। पीएम मोदी ने कार्नी के पिछले अनुभवों और उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह साझेदारी आने वाले समय में दोनों देशों के नागरिकों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।
रणनीतिक ऊर्जा और भविष्य की योजनाएं: दोनों नेताओं की उपस्थिति में महत्वपूर्ण समझौतों (MoUs) का आदान-प्रदान किया गया। पीएम कार्नी ने रेखांकित किया कि पिछले एक वर्ष में दोनों सरकारों के बीच जितना जुड़ाव हुआ है, उतना पिछले दो दशकों में नहीं देखा गया। उन्होंने ‘रणनीतिक ऊर्जा साझेदारी’ (Strategic Energy Partnership) की घोषणा करते हुए कहा कि कनाडा 2050 तक अपने बिजली ग्रिड को दोगुना करने का लक्ष्य रख रहा है, जिसमें भारत एक प्रमुख भागीदार बन सकता है। सौर, पवन और हाइड्रोजन जैसी क्लीन एनर्जी परियोजनाओं पर दोनों देश मिलकर काम करेंगे।



