‘धुरंधर 2’ का धमाका—4 दिनों में 750 करोड़ वर्ल्डवाइड, ओपनिंग वीकेंड में कई रिकॉर्ड ध्वस्त

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (धुरंधर 2) बॉक्स ऑफिस पर तूफानी रफ्तार से आगे बढ़ रही है। रिलीज के सिर्फ चार दिनों के भीतर ही फिल्म ने दुनियाभर में 750 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। रविवार को फिल्म ने भारत में 114.85 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसके वीकेंड कलेक्शन ने कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए।
वीकेंड कमाई के मामले में ‘धुरंधर 2’ ने शाहरुख खान की ‘पठान’ और ‘RRR’ को पीछे छोड़ दिया है। ‘पठान’ ने पांच दिनों के एक्सटेंडेड वीकेंड में 287 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि ‘धुरंधर 2’ ने ‘बाहुबली 2’ (591 करोड़), ‘कल्कि 2898 AD’ (500 करोड़) और ‘RRR’ (470 करोड़) के ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन को भी पार कर लिया है।
अब यह फिल्म ‘पुष्पा 2’ (762 करोड़) के बाद भारतीय सिनेमा की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड फिल्म बन गई है। साथ ही, यह 2026 की सबसे बड़ी फिल्म के रूप में भी उभरकर सामने आई है।
सिर्फ तीन दिनों में ‘धुरंधर 2’ ने ‘बॉर्डर 2’ (470 करोड़) को पीछे छोड़ते हुए साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म का खिताब हासिल कर लिया था। रविवार के कलेक्शन के बाद इसने ‘गदर 2’ (691 करोड़) और ‘सालार’ (690 करोड़) के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया।
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए यह आसानी से 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है। अगर सोमवार को भी इसका प्रदर्शन मजबूत बना रहता है, तो यह 2000 करोड़ रुपये तक पहुंचने वाली दूसरी हिंदी फिल्म बन सकती है।
फिल्म के पहले भाग ‘धुरंधर’ को भी दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था। इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 1307 करोड़ रुपये की कमाई की थी। भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 1005.85 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन करीब 840 करोड़ रुपये रहा। वहीं, 894.49 करोड़ रुपये की कमाई के साथ यह हिंदी भाषा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई थी।
विदेशों में भी ‘धुरंधर’ को जबरदस्त सफलता मिली। ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने करीब 299.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया। खासकर अमेरिका और कनाडा में इसने 193.06 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। यह सफलता और भी खास इसलिए रही क्योंकि फिल्म को खाड़ी देशों में रिलीज की अनुमति नहीं मिली थी। इसके अलावा, ‘धुरंधर’ भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ‘A’ रेटेड फिल्म भी बनी।



