सिंहस्थ 2028 की तैयारी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया क्षिप्रा नदी के निर्माणाधीन घाटों का निरीक्षण, दिए आधुनिक सुविधाओं के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगामी सिंहस्थ महापर्व-2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में क्षिप्रा नदी पर बन रहे नए घाटों और पुल का विस्तृत निरीक्षण किया। श्री अंगारेश्वर और श्री सिद्धवट के मध्य बन रहे इन घाटों का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुगम स्नान और अन्य सुविधाएं प्रदान करना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घाटों पर हर 200 मीटर के दायरे में चेंजिंग रूम (वस्त्र बदलने की व्यवस्था) और सुविधा घर (टॉयलेट) अनिवार्य रूप से बनाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने घाटों तक पहुंच को आसान बनाने के लिए हर 500 मीटर पर सीढ़ियाँ या पहुँच मार्ग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि श्री सिद्धवट और श्री अंगारेश्वर मंदिर के बीच एक नया पुल भी बनाया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए वैकल्पिक मार्ग का काम करेगा। स्नान के लिए घाटों की चौड़ाई लगभग 5 मीटर रखी जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां बैठ सकेंगे और आवागमन भी बाधित नहीं होगा।



