ग्वालियर का रिझोरा गांव बना जल संरक्षण की मिसाल: ‘अमृत सरोवर’ ने बदली किसानों की तकदीर, बढ़ा भू-जल स्तर

कभी पानी की बूंद-बूंद के लिए तरसने वाला ग्वालियर जिले की ग्राम पंचायत दौलतपुर का ग्राम रिझोरा आज खुशहाली की नई इबारत लिख रहा है। “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत निर्मित ‘अमृत सरोवर’ ने इस गांव की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। सामूहिक संकल्प और सरकारी योजनाओं के बेहतर समन्वय से तैयार हुए इस सरोवर ने गिरते भू-जल स्तर की समस्या को जड़ से खत्म कर दिया है।
सामूहिक प्रयास से मिली सफलता: गांव में प्राकृतिक जल स्रोतों के अभाव के कारण खेती और पशुपालन संकट में था। इस चुनौती को देखते हुए ग्राम सभा ने तालाब निर्माण का निर्णय लिया। लगभग 16.77 लाख रुपये की लागत और ग्रामीणों की दो साल की कड़ी मेहनत से यह सरोवर साकार हुआ। पिछले साल हुई अच्छी बारिश से सरोवर लबालब भर गया, जिसका सीधा असर गांव के जल स्तर पर पड़ा। सूखे कुएं और बंद पड़े बोरवेल अब दोबारा पानी देने लगे हैं, जिससे सिंचाई की व्यवस्था मजबूत हुई है।


