भारतीय वैज्ञानिकों की बड़ी सफलता—नई पीढ़ी के मटेरियल से ऊर्जा स्टोरेज और ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन होगा आसान

भारत के वैज्ञानिकों ने ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए नई पीढ़ी के ऐसे मटेरियल विकसित किए हैं, जो ऊर्जा भंडारण और ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन को अधिक प्रभावी बना सकते हैं। इस खोज को स्वच्छ ऊर्जा को सस्ता और आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
वैज्ञानिकों द्वारा विकसित किए गए इन नए पॉलिमर मटेरियल के नाम Zn(DAB) और Cd(DAB) हैं। इनकी खासियत यह है कि इन्हें सामान्य तापमान पर और सरल प्रक्रिया के जरिए तैयार किया जा सकता है। इससे इनका बड़े पैमाने पर उत्पादन और उपयोग करना संभव हो सकेगा, जो औद्योगिक स्तर पर इनके इस्तेमाल को आसान बनाता है।
यह महत्वपूर्ण शोध विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत सेंटर फॉर नैनो एंड सॉफ्ट मैटर साइंसेज (CeNS) और बेंगलुरु स्थित क्राइस्ट यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। दोनों संस्थानों के शोधकर्ताओं ने मिलकर इस तकनीक को विकसित किया है।
परीक्षण के दौरान यह पाया गया कि ये मटेरियल ऊर्जा को स्टोर करने में अत्यधिक सक्षम हैं। साथ ही, लंबे समय तक उपयोग के बाद भी इनकी क्षमता में कोई कमी नहीं आती, जिससे इनकी टिकाऊपन और विश्वसनीयता भी साबित होती है।
इसके अलावा, इन मटेरियल्स की एक और बड़ी खासियत यह है कि ये पानी से हाइड्रोजन गैस बनाने की प्रक्रिया, जिसे ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन कहा जाता है, को भी अधिक प्रभावी बनाते हैं। इस प्रक्रिया में कम ऊर्जा की आवश्यकता होती है, जिससे भविष्य में यह तकनीक लागत के लिहाज से सस्ती और अधिक उपयोगी साबित हो सकती है।
वैज्ञानिकों का मानना है कि यह खोज ऊर्जा भंडारण और स्वच्छ ईंधन उत्पादन दोनों क्षेत्रों में नई संभावनाएं खोल सकती है। आने वाले समय में यह तकनीक स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार और उपयोग को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकती है।



